Monday, 22 March 2021

नव गीत

         जीवन    देने   वाला  तू   क्यूँ
         एसे   ही   हमको   छलता  है


आमाशय  की  इस पीड़ा में
खाने का   अद्भुत लफड़ा है
भूख बहुत ही कड़वा सच है
यह  दानव  निष्ठुर  उघड़ा  है


            निर्धनता      के चक्रवात   में
            ये   जीवन   जैसे   मरता   है


खाली पेट पिचक कर कहती
निकल    रही   हैं   सारी  हड्डी
हालत अब तो नाजुक-नाजुक 
कुल्हे  पर   ना  टिकती  चड्डी


             क्यूँ  हमको  नंगा   करके   ही
             तेरा        गौरव     बढ़ता    है


कूड़े    के     ढेरों   पर   फैले
झूठन   पर    भी    लड़ते  हैं
जीने    की    उत्कंठा    पाले
पल-पल  हर-दिन  ये मरते हैं

 
                हिम्मत  देखो  इन  साँसों की
                जीवन   जैसे    जीवटता   है          


शीशी     बोतल    इनके   अपने
सत्य     यही    मानें    ना    मानें
फटे      पुराने       कपड़े    पहनें
अपनी     डफली    अपने    गानें


                 बचपन   का  संघर्ष लादकर
                 जाने    कैसे  मन   हँसता  है


हेमंत कुमार "अगम"

भाटापारा

Thursday, 18 March 2021

बासी

                 बासी

मोला    आथे  रोज  खवासी
अबड़   सुहाथे   चटनी-बासी

बासी  के  तँय  गुन  ला गा ले
बड़ बड़  कवँरा धर  के खा ले

सुन  लइका सुन लव सँगवारी
बासी   मा   हे   ताकत   भारी

बासी   रोज  डपट   के  खाथे
तभे  बबा  कस  के  अटियाथे


एकर    खट्टापन    मा   रहिथे
दवा  रोग   के सबझन कहिथे

मही   डार  ले  तँय  बासी  मा
ये   लाभ   करे   उबकासी  मा

आय    देंवता  कस  ये  बासी
निर्धनता    के   काबा   कासी

जुग जुग जी तँय रह अविनासी
पेट   भरे    बर    सबके   बासी

हेमंत कुमार "अगम"

भाटापारा










Tuesday, 16 March 2021

बाल कविता

चिड़िया  रानी  चिड़िया  रानी
आओ   खा  लो   दाना  पानी

रोज सुबह तुम उड़कर आना
तोता   मैना    सबको   लाना

मम्मी    देती    बढ़िया    दाना
मिलकर फिर तुम मौज उड़ाना

प्यास लगे  तो  छत पर जाना
पानी  पी  कर  प्यास  बुझाना

धमा-चौकड़ी  अब  ना  ना ना
आओ   मिलकर   गाएँ  गाना

बाल कविता

हेमंत कुमार "अगम"

भाटापारा

Sunday, 14 March 2021

नवगीत



     "आ सूरज से आँख मिलाएँ"

       हिम्मत की गाथा फिर लिखने
       आ सूरज से आँख मिलाएँ


अंधकार की इस दुनिया में
मन की काली सी रातें हैं
पढ़े लिखे लोगों में होती 
अब बौने पन की बातें हैं


          चल हाथ पकड़ कर उनको भी
          सही राह चलना सिखलाएँ


अंधे हैं सब आँखों  वाले
झूठे तन पर इतराते हैं
ढोंगी बनकर ये अपना मन
एसे ही तो बहलाते हैं


            अंधो की नगरी में आओ
            कोई दीप जलाकर आएँ


जीवन के इन चार दिनो में
काम लोभ जैसे चोखा है
पैसा पैसा केवल पैसा
बस मृगतृष्णा  का धोखा है


              उलट पुलट की इस बाँसी में
              धुन फिर से हम एक बजाएँ


हेमंत कुमार  "अगम"

भाटापारा




Sunday, 31 January 2021

दोहा गीत

     माँ सत् की आराधना,माँ सुखदायक नाम।
      माँ जीवन का सार है,माँ है चारो धाम।।
     


जीवन क्यूँ सड़ता रहा,इसी बात को तोल।
माँ की ममता का नही,शायद समझा मोल।।



     माँ की सेवा कर सतत् ,यही सार है काम
     माँ जीवन का सार है,माँ है चारो धाम.....



माँ मखमल की बिस्तरा,माँ फूलों की गाँव।
माँ सर्दी की धूप सी,माँ बरगद की छाँव।।



     माँ सूरज की रोशनी,माँ मुस्काती शाम।
     माँ जीवन का सार है,माँ है चारो धाम......


माँ अंधे की आँख है,माँ लंगड़े की पाँव।
माँ से बढ़कर है नही,दूजा कोई ठाँव।।


     माँ की आँचल सा कभी, नही मिले आराम।
     माँ जीवन का सार है,माँ है चारो धाम.....



माँ गुड़ की मीठी डली,माँ चाँवल की खीर।
माँ चटकारा चाट की,माँ समझे हर पीर।।

       माँ की गोदी में बसा,जीवन का अभिराम।
       माँ जीवन का सार है,माँ है चारो धाम.....



हेमंत कुमार "अगम"
भाटापारा छत्तीसगढ़

Saturday, 30 January 2021

लघुकथा

लघु कथा
पुरानी संदूक

आज दादा जी गुमसुम थे।सुबह आधी कप चाय ही पिये,पेपर भी उल्टा ही पकड़े थे! कभी उठ खड़े होते कभी बैठ जाते ।शायद आज उनका मन बेचैनियों से भरा था! मुझे यह समझने में देर न लगी ,आज रक्षा बंधन का त्यौहार जो था और आज पहिली बार राखी में उनकी बहन  उपस्थित नहीं थी।उस दिन भी वो कितना रोये थे जब बहन की अचानक ही मृत्यु हो गई थी।सचमुच उन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था।
दादा जी अचानक कुर्सी से उठे और तेज कदमों से अपने कमरे की ओर जाने लगे ,शायद कुछ ढूँढ रहे थे ।अपनी पुरानी सल्लूखा पर हाथ डाला और कुछ टटोलने लगे शायद चाबियाँ थीं।
उसने आलमारी के ऊपर रखी पुरानी संदूक को नीचे उतारा और अपनी धोती के छोर से पोंछने लगे फिर चाबी से ताला खोला।कुछ इधर उधर देखे कुछ ढूँढे फिर बंद कर दिया और आकर बिस्तर पर बैठ गये और अपनी कलाईयों को देखने लगे ,कुछ आँखें छलछलाई फिर गंभीर हो गये।मै भी अपने आँसुओं को रोक न पाया था।
मुझे वो सब बातें याद आने लगीं जब दादा जी अपनी बहन और अपने बचपन की कहानियाँ हँस हँसकर सुनाते थे।कैसे कभी दोनो ने मिलकर दुध से मलाईयाँ चुराई थीं ,कभी साथ आम चुराए थे ,बातों बातों पर झगड़ना फिर अगले ही पल एक हो जाना वगैरह बगैरह..।
अचानक मेरे कान में आवाज आई भैया ..भैया मै आ गई ,मेरी छोटी बहन अपने ससुराल से आ गई थी उसने मुझे गले से लगाया और कुछ बातें होने लगी।बहन नाराज होते हुए बोली क्या भैया आप अभी तक तैयार भी नही हुए हो..चलो जल्दी तैयार हो जाओ ..
मैने अपनी बहन से दादा जी के संबन्ध मे कुछ बातें की और नहाने चला गया।
जब मैं राखी बँधवाने बैठा तो बहन ने दादा जी को भी बुला लिया था और हम दोनो को साथ-साथ राखी बाँधी।दादा जी की आँखे अपनी कलाई को देखते ही चमक उठी,और दूसरे ही क्षण फूट-फूट कर रो पड़े ये वही पुरानी संदूक मे रखी राखी थी.... 

हेमंत कुमार "अगम"
भाटापारा छत्तीसगढ़

Tuesday, 29 December 2020

बरसात के दोहे

मोर  मगन हो नाचता,खिले डाल अरु पात।

आया  लेकर  मेघ  है, सुन्दर  सी  बरसात।।


धरा  भींगती  जा  रही , उड़ती  सोंधी  गंध।

महक  उठा वातावरण,अच्छा  यह अनुबंध।।


पावस  तुझमें  प्राण है! ,क्या हैं तुझमे राज।

अलसाया  संसार भी , चुस्त हुआ है आज।।


सोये  सोये  बीज  के , बदले  हुए मिजाज।

झटपट  बिस्तर  बाँध के,जाग उठे हैं आज।।


बन  के  दुल्हन सी सजी, जैसे हो मधुमास।

वसुधा पर लिपटी हरी, साड़ी बनकर घास।।


सुमन  गुच्छ झुमका बने,कानो में अनमोल।

पायल   की झन्कार  सी ,लागे झींगुर बोल।।


केश  बने   बादल   घने , दर्पण लागे ताल।

पेड़ों  की  कंघी   बना , धरा   सँवारे  बाल।।


मेंढक  की  आवाज   से , हुई  सुरमई रात।

जैसे   दुल्हन  की अभी , आई  हो  बारात।।


विरह काल  से जूझतीं , खोज रहीं थी नाथ।

नदियाँ साजन पा गईं,पा कर जल का साथ।।


उफन   रही   मद-प्रीत में ,इतराती वह खूब।

जल   को   बाँहों  मे भरे ,गई  प्रेम  में  डूब।।


सावन की  बरसात  से, बदला है  हिय  हाल।

टकला पर्वत खुश हुआ,आये अब कुछ बाल।।


पर्वत  की  उर  से  लिपट ,छेड़े  अद्भुत राग।

झरने   बहने   हैं  लगे , बनकर  जैसे  नाग।।


हेमंत कुमार मानिकपुरी

भाटापारा छत्तीसगढ़