Sunday, 31 January 2021

दोहा गीत

     माँ सत् की आराधना,माँ सुखदायक नाम।
      माँ जीवन का सार है,माँ है चारो धाम।।
     


जीवन क्यूँ सड़ता रहा,इसी बात को तोल।
माँ की ममता का नही,शायद समझा मोल।।



     माँ की सेवा कर सतत् ,यही सार है काम
     माँ जीवन का सार है,माँ है चारो धाम.....



माँ मखमल की बिस्तरा,माँ फूलों की गाँव।
माँ सर्दी की धूप सी,माँ बरगद की छाँव।।



     माँ सूरज की रोशनी,माँ मुस्काती शाम।
     माँ जीवन का सार है,माँ है चारो धाम......


माँ अंधे की आँख है,माँ लंगड़े की पाँव।
माँ से बढ़कर है नही,दूजा कोई ठाँव।।


     माँ की आँचल सा कभी, नही मिले आराम।
     माँ जीवन का सार है,माँ है चारो धाम.....



माँ गुड़ की मीठी डली,माँ चाँवल की खीर।
माँ चटकारा चाट की,माँ समझे हर पीर।।

       माँ की गोदी में बसा,जीवन का अभिराम।
       माँ जीवन का सार है,माँ है चारो धाम.....



हेमंत कुमार "अगम"
भाटापारा छत्तीसगढ़

Saturday, 30 January 2021

लघुकथा

लघु कथा
पुरानी संदूक

आज दादा जी गुमसुम थे।सुबह आधी कप चाय ही पिये,पेपर भी उल्टा ही पकड़े थे! कभी उठ खड़े होते कभी बैठ जाते ।शायद आज उनका मन बेचैनियों से भरा था! मुझे यह समझने में देर न लगी ,आज रक्षा बंधन का त्यौहार जो था और आज पहिली बार राखी में उनकी बहन  उपस्थित नहीं थी।उस दिन भी वो कितना रोये थे जब बहन की अचानक ही मृत्यु हो गई थी।सचमुच उन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था।
दादा जी अचानक कुर्सी से उठे और तेज कदमों से अपने कमरे की ओर जाने लगे ,शायद कुछ ढूँढ रहे थे ।अपनी पुरानी सल्लूखा पर हाथ डाला और कुछ टटोलने लगे शायद चाबियाँ थीं।
उसने आलमारी के ऊपर रखी पुरानी संदूक को नीचे उतारा और अपनी धोती के छोर से पोंछने लगे फिर चाबी से ताला खोला।कुछ इधर उधर देखे कुछ ढूँढे फिर बंद कर दिया और आकर बिस्तर पर बैठ गये और अपनी कलाईयों को देखने लगे ,कुछ आँखें छलछलाई फिर गंभीर हो गये।मै भी अपने आँसुओं को रोक न पाया था।
मुझे वो सब बातें याद आने लगीं जब दादा जी अपनी बहन और अपने बचपन की कहानियाँ हँस हँसकर सुनाते थे।कैसे कभी दोनो ने मिलकर दुध से मलाईयाँ चुराई थीं ,कभी साथ आम चुराए थे ,बातों बातों पर झगड़ना फिर अगले ही पल एक हो जाना वगैरह बगैरह..।
अचानक मेरे कान में आवाज आई भैया ..भैया मै आ गई ,मेरी छोटी बहन अपने ससुराल से आ गई थी उसने मुझे गले से लगाया और कुछ बातें होने लगी।बहन नाराज होते हुए बोली क्या भैया आप अभी तक तैयार भी नही हुए हो..चलो जल्दी तैयार हो जाओ ..
मैने अपनी बहन से दादा जी के संबन्ध मे कुछ बातें की और नहाने चला गया।
जब मैं राखी बँधवाने बैठा तो बहन ने दादा जी को भी बुला लिया था और हम दोनो को साथ-साथ राखी बाँधी।दादा जी की आँखे अपनी कलाई को देखते ही चमक उठी,और दूसरे ही क्षण फूट-फूट कर रो पड़े ये वही पुरानी संदूक मे रखी राखी थी.... 

हेमंत कुमार "अगम"
भाटापारा छत्तीसगढ़

Tuesday, 29 December 2020

बरसात के दोहे

मोर  मगन हो नाचता,खिले डाल अरु पात।

आया  लेकर  मेघ  है, सुन्दर  सी  बरसात।।


धरा  भींगती  जा  रही , उड़ती  सोंधी  गंध।

महक  उठा वातावरण,अच्छा  यह अनुबंध।।


पावस  तुझमें  प्राण है! ,क्या हैं तुझमे राज।

अलसाया  संसार भी , चुस्त हुआ है आज।।


सोये  सोये  बीज  के , बदले  हुए मिजाज।

झटपट  बिस्तर  बाँध के,जाग उठे हैं आज।।


बन  के  दुल्हन सी सजी, जैसे हो मधुमास।

वसुधा पर लिपटी हरी, साड़ी बनकर घास।।


सुमन  गुच्छ झुमका बने,कानो में अनमोल।

पायल   की झन्कार  सी ,लागे झींगुर बोल।।


केश  बने   बादल   घने , दर्पण लागे ताल।

पेड़ों  की  कंघी   बना , धरा   सँवारे  बाल।।


मेंढक  की  आवाज   से , हुई  सुरमई रात।

जैसे   दुल्हन  की अभी , आई  हो  बारात।।


विरह काल  से जूझतीं , खोज रहीं थी नाथ।

नदियाँ साजन पा गईं,पा कर जल का साथ।।


उफन   रही   मद-प्रीत में ,इतराती वह खूब।

जल   को   बाँहों  मे भरे ,गई  प्रेम  में  डूब।।


सावन की  बरसात  से, बदला है  हिय  हाल।

टकला पर्वत खुश हुआ,आये अब कुछ बाल।।


पर्वत  की  उर  से  लिपट ,छेड़े  अद्भुत राग।

झरने   बहने   हैं  लगे , बनकर  जैसे  नाग।।


हेमंत कुमार मानिकपुरी

भाटापारा छत्तीसगढ़





























Friday, 23 October 2020

रोला

एक  हाथ  में  जाम,  एक में भगवत गीता।

ऐसे  में अब  सोंच, कहाँ  बच पाए सीता।।



रावण का ही भूत,बसा है जब जन-जन में।

मर्यादा  के राम, नजर  क्यूँ  आए  मन  में।।



मीरा  का यह देश,मगर कब दिखतीं मीरा।

गए  सूर  को भूल ,और खो  गए क बीरा।।



लोभ क्रोध के गीत,खुशी से हर दिन गाए।

दया प्रेम सद्भाव,कहाँ अब किसको भाए।।



ठगनी  माया   संग , सभी ने रास  रचाया।

भूल  गए  हैं प्रेम, दिखे बस सुंदर  काया।।



नारी  का  सम्मान , धर्म  हो  सबका भाई।

मन का रावण मार,साफ कर लें मन-काई।।



रचना

हेमंत कुमार मानिकपुरी

भाटापारा छत्तीसगढ़







Wednesday, 13 May 2020

बाल कविता




काले    काले   प्यारे   बादल।

सबके  राज  दुलारे   बादल।।


जल्दी गड़  गड़ करते आओ।

धरती की तुम प्यास बुझाओ।।


सूरज  की  किरणें  तपतीं हैं।

सड़कें धू-धू  कर जलतीं हैं।।


पीले   पत्ते   पके   पके   से।

पेड़  लगे  हैं  थके  थके  से।।


नदी  ताल  सब  सूखे  सूखे।

प्यासे   प्यासे  भूखे   भूखे।।


बेचारी   चिड़ियाँ  हैं  प्यासी।

छाईं  हैं  सब  तरफ उदासी।।


चौपाया  अब  काँपे  थरथर ।

छायाँ कहाँ रही अब सरपर।।


बाहर जाओ  लू  का  खतरा।

घर  पर  है  दादा  का पहरा।।


हम  बच्चों  की आफत आई।

घर   से   निकलें   कूटे  माई।।


बालकविता

हेमंत कुमार मानिकपुरी

भाटापारा(नवागाँव)

छत्तीसगढ़








ग़ज़ल

2122 1212 22


रोज़   मरना  है  रोज़  जीना  है

ज़िंदगी  भर  यही  तो  होना  है


ज़िंदगी  इक फटी कमीज़ तो है

सीना  है  और  फिर पहन ना है


बँट  गई   हैं  ग़रीबों  में  कम्बल

ठंड   की  तो  महज  बहाना  है


आग  चूले  पे अब  नही जलतीं

ये  सुना  है    वो  वहशियाना है


लुटता  ही  तो  गया  है मेरा सब

बच  गया  जो  वो भी  नकारा है



हेमंत कुमार मानिकपुरी

भाटापारा   छत्तीसगढ़





 




Sunday, 26 April 2020

कोरोना पार्ट-वन

कोरोना पार्ट- वन


कोरोना इस पार है ,और भूख उस पार।


बेचारी  जनता  फँसी,दो धारी तलवार।।




मरना सब में तय हुआ,दीन हुए लाचार।


आँत्र क्षुधा की चीख से ,गई गरीबी हार।।



भूखे प्यासे तप्त मन,और समय की मार।


रोटी  रोजी  थी  नही,रुकना  था बेकार।।



विकट दशा कारुण्य मय,देखा था संसार।


अफरा-तफरी थी मची,जाने को घरबार।।



जैसे जिसको जो मिला,निकले हाथ पसार।


निज घर की दहलीज थी,प्रामाणिक आधार।।



कोई पैदल भागता,कोई आटो कार।


रिक्शा पे कोई चला,लादे घर परिवार।।



हेमंत कुमार मानिकपुरी

भाटापारा (नवागाँव)

छत्तीसगढ़