Thursday, 27 June 2024

ज्ञान परख दोहे

1
मीठे का सेवन सदा,रहा विषय का भोग।
नीम लगे कड़वा बहुत,पर वह साधे रोग।।

2
तोता  इस  संसार  में ,बिरला समझे श्वाँस।
पिंजरे भर उड़ता फिरे,बाँध मोह का फाँस।।

3
मन जुगनू यह सोचता,मुझमें अतुल प्रकाश।
दादुर को  जैसे लगे , कूप  सकल आकाश।।

4
जंगल सारे काटकर,खत्म किये सब ठाँव।
लिये कुठारी आप ही,काटे अपने पाँव।।

5
मन में विष की कोठरी,मुख में लिए मिठास।
एसे जन की दोसती ,  दमड़ी  बचे  न  मास।।

6
सारे  अपने पाप को  , धोने  निकला  श्वान।
भौं-भौं में रसता कटा , हटा तिरथ से ध्यान।।

7
मन में बातें और है,मुख में बातें और।
एसे लोगों को कभी,बाँधें ना सिर मौर।।

8
 तोता रटना छोड़ दे,दे मौलिक पर ध्यान।
वर्ना  संकट  में   धरा, रह  जाएगा  ज्ञान।।

9
कोयल जैसी निर्दयी, और भला है कौन।
कागा के घर छोड़ती,अपनी संतति मौन।।

10
चिपके जिस पर चूस ले,मर्यादा धन प्रान।
कामी क्रोधी लालची , ये  हैं जोंक समान।।

11
सुख   सारे  जो बाँट दे,दुख  झेले खुद आप।
गलता  ढलता  लौह  सा , होते  हैं  ये   बाप।।

12
पालें कुत्ता बे-हिचक,पर रख इतना ध्यान।
आगे   ना  माँ-बाप से , हो जाये वह श्वान।।

13
सब कुछ कड़वा नीम का,पर गुण का भंडार।
जैसै   बापू    डाँट  कर  , करे  पूत  से प्यार।।

14
शांत  भाव  अरु  चित्त से,ज्ञानी करै विचार।
जैसे   पीछे   बाघ के  ,  आवै चतुर सियार।।

15
सोवत   जागत चित्त को , डसता साहूकार।
सोंच समझ कर माँगना, कोई कभी उधार।।

16
रंग   बदलने  में  कहाँ , करता  है  परहेज।
गिरगिट से भी आदमी,निकल गया है तेज।।

17
पानी  जब  बहता रहा ,ना समझा कुछ मोल।
पानी-पानी   हो गया  , तब समझा अनमोल।।

18

सत्य सत्य कहता फिरे, किया कभी है  गौर।
सतयुग  में भी सत्य का, नही  रहा था  ठौर।।

19
दिल से दिल का जोड़ना,एक बड़ा व्यापार।
तौल नफा नुकसान को,करते हैं अब प्यार।।

20
साधू  नेता   आमजन ,देख  लार  टपकाय।
रुपया   ऐसी   सुंदरी  ,चाहँय सभी बिहाय।।

21
सोच सोच का फर्क है,चीज वही है एक।
मोहन को अच्छा  लगे,सोहन मारे फेंक।।

22
जेवन  पानी  पवन  से, जीवित रहै शरीर।
आतम जीमै ज्ञान जब ,मिटै जनम जंजीर।।
23
हद से ज्यादा प्रेम भी,होवय जहर समान।
मादा बिच्छू प्रेम कर,लेवय नर का जान।।
24,
कुटिल जन और संत को ,समझें धरकर धीर।
दोनो   का  स्वभाव अति  , होवत  है  गंभीर।।

25
त्याग सभी आलस्य को,लेकर प्रभु का नाम।
सोये-सोये  से  नही  ,  बनता   है कुछ काम।।

26
लालच के आगोश में,कीट समझ ना पाय।
घटपर्णी  के  कुंड में, डूब   मरै  सड़ जाय।।

27
मा-बापू की सीख  को,धारै जो संतान।
कष्ट  उसे छूवै  नही,पावै अति सम्मान।।
28

विद्या   रूपी   कुंड में , उतरै   जो   इंसान।
घड़ा भरै निज ज्ञान का,पीवै सकल जहान।।

29
ज्ञान  मिले  से  दंभ का,होता है अवतार।
बिन गुरुवर के ज्ञान भी,होते खरपतवार।।


30
काँव-काँव कागा करे,होवै जन परेशान
शांत मूक गंभीर तो,होवय संत सुजान।

31
सत्य अहिंसा छोड़कर,करे कुसंगति पान।
मरा  हुआ  है  आदमी,या  है  वह  शैतान।।


33
पात्र  कृपा  का  ना बनें ,कृपा भीख के तुल्य।
परिश्रम और दिमाग से, बढता खुद का मूल्य।।

34
पुण्य काम कर   दीजिए,जीवन को सद्अर्थ।
दान   कीजिए  ज्ञान का , यदि हैं आप समर्थ।।

35

जिसको कुछ आता नही,''करते काम  तमाम''।
पर  जो  जहाँ   समर्थ  है,नेक करे सब काम।।

36
पूरी   दुनिया  देख  के ,जान  गया  इक बात।
पैसा  है  तो   संग  सब , वरना   मारे   लात।। 

37

कभी  क्रोध का वेग भी , देवै  अतुल अमोद।
जैसे  गरजै  और  फिर  ,वर्षा   करै   पयोद।।

38
वर्षा  से  तन  भीगता , मन  भीगै सँग मीत।
जो भीगै  गुरुनाम सँग,भीगै  तन-मन प्रीत।।
39

मुख में जिनके राम है,मन में आशाराम।
ऐसे   धोखे  बाज से ,राम  बचाये  राम।।

40
बीमारी   से  तन    गले ,  और  जाय सम्मान।
जिस घर शौचालय नही,वो घर नरक समान।।
41
जो  रामों  का  राम  है  , जो  धामों का धाम ।
है  बस  केवल  एक ही ,'माँ' है उसका  नाम।।
42
तन पर नही गुमान कर,होगा इक दिन राख।
करनी संग सुधार ले  , अपनी कड़वी  भाख।।
43
तंत्र मंत्र का चल रहा,यहाँ खेल पे खेल।
अनपढ़ बुद्धी ठीक है,पढ़े लिखे भी फेल।।
44
आफत ही तो आ गई,खूब हुई बरसात।
रोती  रोती   झोपड़ी  , जागी  पूरी रात।।
45
जले  प्रेम सौहार्द्र का  , दीपक जहाँ अनेक।
हिन्दू-मुस्लिम से अलग,चाँद  बनाओ एक।।

46
काम-महल   की  देहरी  ,जैसे  एक सराय।
रुकना चाहे रात सब,दिन मुख नही दिखाय।।
47
एक   दूजे को मारकर , खाते  सारे  जीव।
शाकाहारी भोज्य भी,तो क्या नही सजीव।।
48
रोने   से   होगा    नही  ,कठिनाई  का अंत।
सोंच समझ कर काम में ,लग जाओ हेमंत।।
49
कोयल  मीठी  बोल के ,  करे प्रेम आघात।
कड़वा पर सच बोल के , कागा खाये लात।।

50
प्रेम नही जिस घर मिले,मिले नही सम्मान।।
ऐसे  घर    ना जाइये, वो घर नरक समान।


हेमंत कुमार "अगम"
भाटापारा छत्तीसगढ़





Sunday, 26 May 2024

गर्मी


नदियाँ   नाले  ताल के , बिगड़ गये  हैं ताल।

बरस  रहे  हैं धूप जी , बनकर   जैसे  काल।।


सूरज  के आक्रोश   से ,  है  घड़ा   परेशान।

एसी  कूलर  फ्रीज की, निकल गई है जान।।


पशु -पक्षी अरु जानवर,क्या मानव की जात।

भुट्टे   जैसे भुन रहे  , पड़-पड़-पड़  दिन-रात।।


गर   जाना  हो  स्वर्ग तो , बाहर निकलो यार।

लू  गलियों   में  घुम  रहा , लिये मौत  उपहार।।

 
जगह जगह अवरक्त  का , अनदेखा है धार।

सड़कें  नागिन  रूप धर ,रोज रहीं फुफकार।।


गरमी  से  अकबक हवा ,खोजे शीतल छाँव।

नही  मिला ! पर एक भी ,तरुवर वाला गाँव।।


न   मानेंगे   बिना  पिये , सूर्य  देव अब खून।

माई-माई   में    मई  ,  और    कटेंगे   जून।।


हेमंत कुमार "अगम"

भाटापारा छत्तीसगढ़













Sunday, 5 May 2024

चुनाव

क्या समाज ने लोभ का,पहन लिया है खाल।

अब तो 'बंदर-बांट' कर  , सभी  उड़ाते  माल।।


ये  समाज है फल अगर , नेता  जी  हैं  बीज।

दोनों  को   ही   चाहिए , एक्स्ट्रा वाला चीज।।


नेता  बगुला  सा  बना , चले  चाल  पर चाल।

मीन कहाँ समझे भला  ,मुफ्त माल का जाल।।


दीन-हीन अश्पृश्य जन,  मन  में  करें विचार।

जाति,धर्म का खेल ही  ,  नेता   का  व्यापार!।।


जो  हो   झूठा   आदमी  , करे स्वार्थ की बात।

एसों   को  पहचान कर ,मारें 'मत' की लात।।


सब अवगुण को त्याग कर ,करे  देश  से प्यार।

एसे   नेता    खोजकर  , भारें   भारत   भार।।


हेमंत कुमार "अगम"

भाटापारा 


Wednesday, 28 June 2023

हुआ टमाटर गोल्ड


लाल   टमाटर  जब  हुआ ,सोने  से भी  गोल्ड।
हरी   भरी   तरकारियाँ , हुईं  धड़ाधड़   बोल्ड।।



बैंगन    बुआ   पिचक  गईं , खोया  गोभी रंग।
कद्दू ,  सेमी ,  ढेंस   भी  , दिखते   हैं  बे-रंग।।
ताजी-ताजी नकचढ़ी, जो थीं कल तक सोल्ड।
हरी  -  भरी   तरकारियाँ  , हुईं धड़ाधड़ बोल्ड।।




बिना  टमाटर  के नही ,   बनता  कोई    झोल।
झोला  मियाँ  उदास  हैं ,बचा  नही  अब  रोल।।
स्टाईलिश   भिन्डी   हुई  ,   देहाती  बन फोल्ड।
हरी -  भरी  तरकारियाँ  , हुईं  धड़ाधड़  बोल्ड।।




गुमसुम   अलसाई   पड़ी , लौकी , तोरी , ग्वाँर।
आलू  , टिन्डा , बीन्स की ,  टेस्ट   हुई   बेकार।।
मुनगा  जी  की नाक को ,लगा रोग अब कोल्ड।
हरी -  भरी   तरकारियाँ  , हुईं  धड़ाधड़ बोल्ड।।




पड़ा   करेला  सोंच में , कटहल   हुआ  डिरेल।
चला   गया   मशरूम   का  , हाई -फाई खेल।।
अरबी जी  फिसले  पड़े ,परवल दिखता ओल्ड।
हरी  -  भरी   तरकारियाँ , हुईं  धड़ाधड़ बोल्ड।।




बेचारी   भाजी   कहाँ ,  लागे   हैं   अब  फ्रेश।
पालक ,  चवलाई   हुईं   ,  साहब   देखो क्रेश।।
जीवन  के  बाजार में ,जैसे  सब   कुछ   होल्ड।
हरी -भरी   तरकारियाँ ,  हुईं  धड़ाधड़   बोल्ड।।
लाल   टमाटर  जब  हुआ ,सोने  से भी  गोल्ड।



रचना

हेमंत कुमार "अगम"

भाटापारा छत्तीसगढ़




Friday, 23 December 2022

कर्म लोक ..दोहा

कर्म लोक है यह जगत,जस करनी तस आय।

जैसा   है गुण बीज  का,  वैसा ही फल पाय।।


इस दुनिया को जानिए,ये है एक सराय।

आना जाना है लगा,समझो यह पर्याय।।


जाओ  गर  उस पार तो ,आए नही खरोंच।

कैसे   खेना   नाव  को , खेने  वाले  सोंच।।


सच्चा  जब  तन  मन रहे,आए नही विकार।

कपड़ा  सादा  हो न हो , सादा  रहे विचार।।


रक्त, देंह सब एक है, एक सभी में जान।

दोहरापन न राखिए,सब हैं एक समान।।



हेमंत कुमार "अगम"

भाटापारा

Sunday, 18 December 2022

सत्य पुरुष बबा घासी दास



सब ला सत रसता बता,करिन बड़ा उपकार।

गुरु    बबा   के गोठ मा, हे  जीवन  के  सार।।


भाई बन जुर-मिल रहव,करव नही अभिमान।

सबके  काया  एक  हे  , सबके  लहू   समान।।


जात-पात के ढोंग ला ,अंतस   ले  दव   बार।

गुरु    बबा   के गोठ मा, हे  जीवन  के  सार।।


दारू गाँजा छोंड़ दव,खावव  झिन  जी मास।

निरमल मन के धाम मा,सत्य पुरुष  के वास।।


मनखे  जिनगी चार दिन ,  करौ  नही बेकार।

गुरु   बबा   के  गोठ मा , हे  जीवन के सार।।


मैं  अड़हा  अँव जान के ,  तारव  हे   सतनाम।

सत्य पुरुष हे आपके, चरण कमल निज धाम।।


तोर   तपोवन   धाम मा  ,  बसे सकल संसार।

गुरु   बबा   के    गोठ मा  ,हे जीवन के सार ।।



हेमंत कुमार "अगम"

भाटापारा छत्तीसगढ़








Monday, 18 July 2022

भ्रष्टाचार


लालच से पैदा हुआ ,आफिस है घर-बार।

तेज धार का मैं छुरा  ,नाम  है  भ्रष्टाचार।।


अधिकारी रिश्वत कहे,दुल्हा  जी उपहार।

लाला जी का ब्याज हूँ,चपरासी का प्यार।।


टेबल के नीचे कभी,कभी प्रसाधन कक्ष।

नोट  बड़े   आराम  से , लेने  में  हूँ  दक्ष।।


कभी सगुन के वक्त में,या अटके जब काम।

लोग  बड़े   अरमान  से  , लेते  मेरा   नाम ।।


जो  दे  वो  हो  कर्ज में,और घिरे अवसाद।

लेने  वाला  प्रेम  से , कहता  मुझे  प्रसाद।।


करतब  मेरा  देख  के , दुनिया  रहती दंग।

अनुकूलन  मुझमें बड़ा,ढल जाता हर रंग।।


सोने  चाँदी  का  महल ,रुपयों  की है सेज।

फिर भी शोषण से मुझे, रहता  नही  गुरेज ।।


झूठ- कपट की खाद से ,बढ़ता सालों-साल।

मुझे तनिक भी ना पचे ,सच्चाई का माल।।


हेमंत कुमार "अगम"

भाटापारा-छत्तीसगढ़